
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भाजपा मुख्यालय से आक्रोश रैली निकाली. रैली का नेतृत्व पूर्वी विधायक पूर्णिमा दास साहू कर रही थीं.
रैली भाजपा मुख्यालय से शुरू होकर एसएसपी कार्यालय पहुंची, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जमशेदपुर में अपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और प्रशासन हालात पर नियंत्रण नहीं रख पा रहा.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो पार्टी पूरे झारखंड में बड़ा आंदोलन छेड़ेगी. नेताओं ने कहा कि आम लोगों में भय का माहौल है और अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है.
यह आंदोलन ऐतिहासिक भी है. वर्ष 1992 में भी भाजपा ने इसी मुद्दे पर एसपी कार्यालय घेरा था, जब परवेज हयात एसपी थे. 32 वर्ष बाद उसी मुद्दे पर एसएसपी कार्यालय का घेराव जिला प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश है.

