
उदित वाणी, जमशेदपुर : न्यूवोको सीमेंट जमशेदपुर के सहयोग से अर्वात फाउंडेशन द्वारा आदित्यपुर-02 स्थित सत्येन्द्र नारायण सरकारी उच्च विद्यालय (एसएन हाई स्कूल) में “गुटखा/नशा मुक्त झारखंड अभियान” के तहत जागरुकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू और नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें नशामुक्ति का संकल्प दिलाना था।
अभियान के अंतर्गत 5000 हस्ताक्षरों का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें आज के कार्यक्रम में 200 हस्ताक्षर प्राप्त किए गए। इस अभियान में स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। न्यूवोको सीमेंट की ओर से सभी प्रतिभागियों को संकल्प की स्मृति स्वरूप एक-एक पेन भेंट किया गया।
इस अवसर पर अर्वात फाउंडेशन की सह-संस्थापक स्नेहा श्रीवास्तव ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से छुटकारा पाएं और अपने आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए जागरूक करें। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होंगे।

