आजसू छात्र संघ ने कहा कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय की लापरवाही उजागर, 72 घंटे में नामांकन समस्या का समाधान न होने पर होगा आमरण अनशन
जमशेदपुरः को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज में नामांकन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले में आजसू छात्र संघ ने विरोध का बिगूल फूंक दिया है। आजसू छात्र संघ ने जिलाध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद सहित अन्य विद्यार्थियों के नामांकन से जुड़ी समस्या का समाधान न होने पर 4 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। इस संबंध में आजसू छात्र संघ ने को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के प्राचार्य को एक पत्र सौंपकर जानकारी दी है। संघ ने कहा कि अगर 72 घंटे के भीतर छात्रों की समस्या का निराकरण नहीं हुआ, तो वे भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
क्या है पूरा मामला?
सत्र 2023-26 के लिए लॉ में नामांकन के दौरान कामेश्वर प्रसाद ने ओबीसी-1 श्रेणी में आवेदन भरा था, लेकिन विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम में उन्हें ओबीसी-2 की सूची में डाल दिया। अब चार दिनों से कामेश्वर प्रसाद कॉलेज और विश्वविद्यालय के बीच चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। कॉलेज प्राचार्य ने आवेदन को फॉरवर्ड करने से इनकार कर दिया है, जबकि विश्वविद्यालय के पदाधिकारी इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं।
मामले में आजसू जिलाध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद ने कहा कि उन्होंने सभी दस्तावेज समय पर जमा किए थे, लेकिन विश्वविद्यालय की गलती से उनका भविष्य दांव पर लग गया है। कहा कि अगर उनका नामांकन नहीं हुआ, तो वे भूख हड़ताल पर बैठकर जान दे देंगे। आजसू छात्र संघ के पूर्व कोल्हान अध्यक्ष हेमंत पाठक ने कहा, “अगर एक छात्र प्रतिनिधि के साथ ऐसा हो रहा है, तो आम छात्रों के साथ क्या हो रहा होगा? अधिकारियों की लापरवाही के कारण कई छात्रों का भविष्य संकट में है। पिछले 6 वर्षों से छात्र संघ के चुनाव नहीं हो रहे हैं, जिसके चलते छात्रों की आवाज दब गई है। अब समय आ गया है कि कोल्हान में छात्रों का राज स्थापित किया जाए और विश्वविद्यालय में अफसरशाही के खिलाफ आंदोलन हो।
इस दौरान साहेब बागती, जगदीप सिंह, हुडिंग मुर्मू, रणवीर सिंह सहित कई अन्य छात्र नेता भी उपस्थित थे।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।