
उदित वाणी, जमशेदपुर: दिशोम जाहेर गाढ़ गोड़गोड़ा, बालीगुमा में 8 मार्च को दिशोम बाहा मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। धूमधाम से आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारी व सदस्यों द्वारा तैयारियां जारी है। दिशोम जाहेर गाढ़ के सचिव मदन मोहन ने बताया कि दिशोम बाहा मिलन समारोह के दौरान दो नृत्य दल आदिवासी खेरवाड़ रुसिका मडवा सोरबिला, धालभूमगढ़ और संयुक्त समिति गोड़गोड़ा, बालीगुमा, कुमरूम शामिल होकर बाहा नृत्य प्रस्तुत करेंगे। बाहा नृत्य के समापन के बाद पारंपरिक लंगड़े नृत्य की प्रस्तुति होगी। उन्होंने बताया कि साथ में आदिवासी संताल समाज की ऐतिहासिक घटनाओं एवं सृष्टि से संबंधित झांकियां दिखायी जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश परगना धाड़ दिशोम बैजू मुर्मू शामिल होंगे। यह आमंत्रण उनके पावड़ा स्थित निवास पर पहुंचकर दिया गया। इस अवसर पर दिशोम जाहेर गाढ़ समिति के सचिव मदन मोहन सोरेन, राखाल सोरेन,सनातन टुडू, सोनाराम टुडू, मानसिंह टुडू,पप्पू सोरेन व सुशांत सोरेन आदि उपस्थित थे।
इसके अलावा समाजसेवी गुरुचरण किस्कू, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता एवं झामुमो नेता महावीर मुर्मू आदि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

