
उदित वाणी, जमशेदपुर : गुरुवार को कुड़मी समाज को अनुसूचित जनजाति (ST) सूची में शामिल करने के विरोध में आदिवासी समुदाय के लोगों ने शहरभर में जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह से शुरू हुई रैली ने दोपहर तक पूरे शहर की यातायात व्यवस्था को चरमराकर रख दिया। मानगो से साकची तक सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक रेंगता नजर आया।
दोपहर 12 बजे से करीब 1:30 बजे तक मानगो क्षेत्र में स्थिति सबसे ज्यादा बिगड़ी रही। इस दौरान स्कूलों की छुट्टी का समय होने के कारण अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। डिमना निवासी राकेश कुमार ने बताया कि वे अपने बेटे को स्कूल से लेने निकले थे, लेकिन मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर के पास लगभग एक घंटे तक ट्रैफिक में फंसे रहे।
अभिभावकों और आम लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इतने बड़े प्रदर्शन के बावजूद ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
साकची गोलचक्कर, पुराना एमजीएम अस्पताल चौक समेत कई प्रमुख मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर से डीसी ऑफिस जाने वाले मार्ग को एहतियातन कुछ समय के लिए बंद कर दिया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

