उदित वाणी, आदित्यपुर : एसिया भवन, आदित्यपुर में ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ के तहत आहूत विशेष कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों और कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का सीधा प्रसारण सुना. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी ने केन्द्र सरकार की इस पहल का स्वागत किया तथा झारखंड में बेरोजगारी और पलायन का मुद्दा उठाया. उन्होंने आदित्यपुर जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र के स्थानीय उद्योगों में यहाँ के बेरोजगार युवाओं और श्रमिकों को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया, ताकि वे अपने ही राज्य में सम्मानजनक आजीविका प्राप्त कर सकें.
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का उद्देश्य नए रोजगार का सृजन करना है
कार्यक्रम में प्रमुख रुप से उपस्थित कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), जमशेदपुर के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (द्वितीय) प्रशांत कुमार ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य नए रोजगार का सृजन करना और नियोक्ताओं को प्रोत्साहित करना है. उन्होंने कहा “सरकार का लक्ष्य अगले दो सालों में 3.5 करोड़ रोजगार सृजित करना है, जिसके लिए ₹1 लाख करोड़ का बजट आवंटित किया गया है.
पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों को ₹15,000 की प्रोत्साहन राशि दो किश्तों में दी जाएगी। साथ हीं, नियोक्ताओं को प्रति नए कर्मचारी पर प्रति माह ₹3,000 की सहायता भी मिलेगी. इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार, ‘एसिया’ के अध्यक्ष इन्दर अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे.


