
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर के पास से श्रीराम स्कूल की 11वीं कक्षा की युवती को जबरन कार में बैठाकर उसका अपहरण करने का प्रयास करने की बात सामने आयी है. पुलिस द्वारा इस मामले में सुमित गोप नामक युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. घटना बुधवार शाम लगभग 5 बजे की बतायी जाती है. घटना के समय युवती आशियाना मोड़ के पास सर्वो नगर के पीछे स्थित श्रीराम स्कूल से पढ़ाई खत्म करने के बाद अपने घर वापस लौट रही थी.
इस दौरान वहां मौजूद सहपाठियों ने जब युवती के अपहरण के प्रयास का विरोध किया, तो कथित अपहर्ताओं द्वारा युवती और उसके सहपाठियों के साथ भी मारपीट की गई. इस संबंध में एलआईजी (रो), आदित्यपुर-02 (आरआईटी थाना क्षेत्र) निवासी युवती की माँ के द्वारा आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत की गई है. लिखित शिकायत में इस बात का उल्लेख है कि आरोपी के द्वारा स्कूल के समय से हीं स्कूल और ट्यूशन जाते समय सड़क पर रोककर धमकी देता रहा है. बताया जाता है कि युवती एक चर्चित महिला नेत्री की पौत्री है, जिनका कुछ वर्ष पूर्व निधन हो गया है.
