
उदित वाणी सरायकेला: सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना रोड स्थित एक फुटपाथी दुकान में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने युवा स्नेक कैचर चंदन पाठक को सूचना दी। सूचना मिलते ही चंदन पाठक तुरंत मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित अपने साथ ले गए।
रेस्क्यू के दौरान पता चला कि सांप धामिन प्रजाति का है, जो जहरीला नहीं होता है। स्नेक कैचर चंदन पाठक ने बताया कि अज्ञानता के कारण कई लोग ऐसे सांपों को भी मार देते हैं, जबकि यह इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होते।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सांपों को मारने से जैव विविधता को नुकसान पहुंचता है। यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत स्नेक कैचर या संबंधित लोगों को इसकी सूचना देनी चाहिए।
सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद स्थानीय फुटपाथी दुकानदारों ने राहत की सांस ली।

