
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए आशियाना न्यू कपाली बस्ती में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है. यह कार्रवाई रविवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर की गई.
पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू कपाली बस्ती क्षेत्र में एक युवक अवैध रूप से मादक पदार्थ की बिक्री कर रहा है. सूचना मिलते ही सोनारी थाना की टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर छापेमारी की. जैसे ही पुलिस वहां पहुंची, आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा. हालांकि, मुस्तैद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम ठाकुर के रूप में हुई है. वह सोनारी थाना क्षेत्र के परदेशी पाड़ा, सिनेमा मैदान के पीछे कमलेश निषाद के किराए के मकान में रह रहा था. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वह लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ था और आसपास के इलाकों में पुड़िया की आपूर्ति करता था.
इस मामले में सोनारी थाना के एसआई शिवम राज के बयान पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा.

