
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित फायरिंग कांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के दो शूटरों को गिरफ्तार किया है. वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे को गुप्त सूचना मिली थी कि भुईयांडीह निवासी कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग करने वाले आरोपी काशीडीह निवासी राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू और केबल टाउन निवासी राजेश गिरि उर्फ दांतू मानगो बस स्टैंड की ओर जा रहे हैं. सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
गठित टीम ने तत्परता दिखाते हुए पाण्डेय घाट के पास दोनों अपराधियों को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से फायरिंग में प्रयुक्त अवैध हथियार, जिंदा गोलियां और सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे प्रिंस खान के शूटर हैं और हरेराम सिंह के घर फायरिंग में शामिल थे.

एसएसपी पीयूष पांडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है. इनके खिलाफ पहले भी चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. उन्होंने बताया कि इस फायरिंग कांड में पहले आकाश सिंह, रवि महानंद उर्फ गोपला और दशरथ शुक्ला को भी गिरफ्तार किया जा चुका है.
एसएसपी ने बताया कि दोनों गिरफ्तार शूटरों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है. तकनीकी शाखा, थाना प्रभारी और टाइगर मोबाइल की संयुक्त टीम ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस गैंग का मकसद शहर के कारोबारियों में दहशत फैलाकर रंगदारी वसूली करना था. एसएसपी ने कहा कि बहुत जल्द दशरथ शुक्ला को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.

