
उदित वाणी, गुवा : रामनगर स्थित सेवा नगर में गुरुवार देर शाम घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला को गुवा सेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी पति संदीप करुवा का किसी बात को लेकर पत्नी सुरेखा करुवा से विवाद हो गया था. विवाद के दौरान गुस्से में आकर संदीप ने पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में सुरेखा के सिर में गहरी चोट आई है, साथ ही आंखों के नीचे और पैर में भी गंभीर घाव लगे हैं.
घटना के बाद घायल महिला किसी तरह गुवा थाना पहुंची और पुलिस को पूरी जानकारी दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीतीश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घायल महिला को तुरंत गुवा सेल अस्पताल भेजवाया और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया.
थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला आपसी घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है. घटना के बाद से आरोपी पति फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
इधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे, लेकिन इस बार मामला हिंसा तक पहुंच गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई.

