
उदित वाणी, पटमदा : गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत इको सेंसेटिव जोन में आने वाले ठनठनी घाटी, गाड़ीग्राम एवं सिसदा आदि गांवों में धालभूम एसडीएम अर्णव मिश्रा के नेतृत्व में पत्थरों के अवैध खदानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान अंचल अमीन द्वारा जमीन की मापी कर यह पता लगाया गया कि पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान पाई गई स्थिति के बाद अब तक कितने क्षेत्रों में अवैध तरीके से पत्थरों का खनन किया गया है एवं कानून का उल्लंघन किया गया है. इनमें इको सेंसेटिव जोन अंतर्गत आने वाले क्षेत्र भी आते हैं जो वन विभाग की जमीन पर मौजूद है और कुछ रैयती या झारखंड सरकार की खास जमीन भी शामिल हैं.
अभियान में एसडीएम के साथ पटमदा के अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास, खनन अंचल अमीन नंदलाल महतो, प्रभारी वनपाल राजा घोष एवं खनन विभाग के अधिकारी आदि शामिल थे. टीम ने अभियान के दौरान खदानों में किए जाने वाले विस्फोट के लिए उपयुक्त सामग्रियों एवं सबल, गैंता आदि भी जब्त किया है. सूत्रों के अनुसार अवैध खनन करने वालों के बारे में पता लगाया जा रहा है और संभव है कि इस मामले में अवैध कारोबारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराई जा सकती है. प्रशासन की टीम द्वारा की गई कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है.

