
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह छोला गौड़ा के दुमका गोड़ा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ स्थानीय लोगों का पुराना विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा. शुक्रवार को विरोध जताने पहुंचे टिंकू, उनकी पत्नी श्याम और मां पर शराब माफिया ने 10-15 गुंडों को बुलाकर जानलेवा हमला कर दिया.
लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला इतना क्रूर था कि तीनों घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और छानबीन शुरू कर दी. इससे पहले भी शराब माफिया ने क्षेत्रवासियों पर कई बार मारपीट की है. घायल महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस को कई शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती. बल्कि पुलिस माफिया के साथ मिलकर पैसा कमाती है.
क्षेत्रवासी अवैध शराब की बिक्री रोकने की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने अभी तक हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया है.

