
उदित वाणी, जादूगोड़ा: जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के बैराज कॉलोनी स्थित स्वर्णरेखा नदी के गेट नंबर-16 के पास रविवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई जब मछुआरों की नजर एक महिला की नग्न अवस्था में तैरती लाश पर पड़ी. उन्होंने तत्काल जादूगोड़ा पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और मछुआरों की मदद से रस्सी के सहारे शव को बाहर निकाला. महिला की पहचान जमशेदपुर के भुयाडीह निवासी 40 वर्षीय पूर्णिमा माझी, पत्नी श्याम माझी के रूप में हुई है.
‘थोड़ी देर में लौटूंगी’ कहकर निकली थी महिला
परिजनों ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे पूर्णिमा माझी घर से निकली थीं और कहा था कि थोड़ी देर में लौटेंगी. घरवालों को लगा कि वे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर गई हैं. लेकिन देर शाम तक उनके नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू हुई. रविवार सुबह उनका शव नदी में मिला.
लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं पूर्णिमा
परिवार के अनुसार, पूर्णिमा माझी पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव से गुजर रही थीं और उनका इलाज ब्रह्मानंद अस्पताल में चल रहा था. इलाज पर अब तक करीब ढाई लाख रुपये खर्च हो चुके थे. पति श्याम माझी एक छोटी सी चाय दुकान चलाते हैं. परिवार में 18 वर्षीय बेटा रोहित और एक बेटी भी है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, हर पहलु से हो रही जांच
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेजा है. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नज़रअंदाज़ नहीं कर रही. मामले की हर पहलु से गंभीरता से जांच की जा रही है.

