
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली क्षेत्र के इस्लामनगर रोड नंबर 13 में चोरी की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, यह घर लगभग 6 महीने से बंद पड़ा हुआ था. घर के मालिक अरबाज दुबई में नौकरी करते हैं, जबकि परिवार बैंगलोर में रहने गया है. घर की देखभाल के लिए बीच-बीच में रिश्तेदार आते रहते हैं.
आज सुबह रिश्तेदार सोहराब जब घर की देखभाल के लिए आए, तो उन्होंने बाउंड्री के अंदर दो लड़कों को देखा. लड़के उन्हें देखकर तुरंत फरार हो गए. इसके बाद जब सोहराब ने घर का निरीक्षण किया, तो पाया कि पीछे का दरवाजा खुला हुआ था. घर के अंदर की हालत पूरी तरह खराब थी. सामान बिखरा पड़ा था और चोरों ने पूरे घर को तहस-नहस कर दिया था. चोरों ने घर के कमरे में शौच भी किया था.
चोरी की सूची में दो लैपटॉप, गोदरेज में रखे कई कीमती सामान, एल्युमिनियम के बर्तन और अन्य जरूरी घरेलू वस्तुएं शामिल हैं. शुरुआती अनुमान के अनुसार कुल नुकसान लगभग 2 लाख रुपये बताया जा रहा है.
हालांकि, इस घटना की शिकायत अब तक कपाली थाना में दर्ज नहीं कराई गई है. पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
कपाली थाना प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. लेकिन आसपास के लोगों का कहना है कि पुलिस को और अधिक सतर्क होकर ऐसी घटनाओं को रोकना चाहिए.

