
उदित वाणी, जमशेदपुर : कांड्रा थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां लगभग छह बजे एक महिला ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान चांडिल के रुचाप गांव निवासी रूपा देवी के रूप में हुई है. वह पिछले चार वर्षों से रोशन कुमार सिन्हा नामक युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थीं. रोशन मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले का निवासी है और एसआईजी सिक्योरिटी एजेंसी में कार्यरत है.
जानकारी के अनुसार रूपा देवी और रोशन कुमार मंगलवार को ही पदमपुर स्थित बबलू बास्के के घर में किराए पर रहने आए थे. देर रात खाना खाने के बाद करीब साढ़े नौ बजे रोशन कुमार अपनी ड्यूटी पर चला गया था, जबकि रूपा देवी कमरे में ही थीं. बुधवार सुबह अचानक वह घर से बाहर निकलीं और बिना कुछ बोले सीधे गांव के कुएं की ओर बढ़ गईं. आसपास मौजूद लोगों के समझने से पहले ही उन्होंने कुएं में छलांग लगा दी.
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जुटे और तुरंत बचाव की कोशिश की गई. इसी बीच सूचना मिलने पर झामुमो नेता कृष्णा बास्के भी पहुंच गए. स्थानीय युवकों की मदद से रूपा देवी को कुएं से बाहर निकाला जरूर गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
घटना की जानकारी कांड्रा थाना पुलिस को दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस रोशन कुमार से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में रूपा देवी ने इतना गंभीर कदम उठाया.

