
उदित वाणी, रांची : शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने व होटलों में प्रवेश के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करने के आरोपी लोहरदगा के प्रशिक्षु डीएसपी अमित कुमार सिंह को राज्य सरकार द्वारा निलंबित कर दिया गया. उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी चलेगी. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय डीआईजी रांची के कार्यालय में होगा. इस अवधि में उन्हें सिर्फ जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा. गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है. जिसमें बताया गया कि एक युवती ने ईमेल के माध्यम से आरोपी प्रशिक्षु डीएसपी अमित कुमार सिंह के विरुद्ध उक्त शिकायत की थी.
इस शिकायत की जांच झारखंड पुलिस की एडीजी प्रशिक्षण सह अधुनिकीकरण द्वारा की गई. जांच में आरोपों को सत्य पाया गया. यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी प्रशिक्षु डीएसपी ने शिकायतकर्ता पर शिकायत वापस लेने तथा साक्ष्य मिटाने के लिए दबाव भी बनाया. एडीजी ने जांच में उनके कृत्य को निंदनीय माना और अपनी जांच रिपोर्ट में कहा कि डीएसपी ने अपने पद की गरिमा को भी धूमिल किया है और गृह विभाग द्वारा झारखंड सरकारी सेवक वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियमावली 2016 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया.
