
उदित वाणी, घाटशिला : थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर एनएच सड़क पर शुक्रवार को एक पिकअप वैन (संख्या JH 05 BN 4918) दुर्घटनाग्रस्त हो गई. यह वाहन चावल लदा हुआ था और जमशेदपुर की ओर जा रहा था. अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने से चालक नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क किनारे पलट गई.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण एवं जडिसा पंचायत के मुखिया मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया. सूचना पाकर घाटशिला पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और चालक को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया. इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, पर वाहन को नुकसान पहुंचा है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच पर तेज गति और अधिक लोडिंग के कारण अक्सर इस प्रकार के हादसे होते रहते हैं. उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है.

