
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर निवासी 40 वर्षीय नीरज कुमार झा की मौत बुधवार को टाटा मुख्य अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई. जानकारी के अनुसार, नीरज ने दो दिन पहले जहर खा लिया था, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी. परिजनों द्वारा तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने के बावजूद चिकित्सक उनकी जान नहीं बचा सके.
नीरज द्वारा जहर खाने के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है. गोविंदपुर थाना पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का यूडी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
परिजनों के अनुसार, नीरज पिछले कुछ दिनों से चुप-चुप रहने लगे थे, लेकिन उन्होंने कभी अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं की. अचानक जहर खाने की जानकारी से परिवार सहित आसपास के लोग हैरान और स्तब्ध हैं.
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. आत्महत्या के पीछे पारिवारिक, आर्थिक या मानसिक तनाव की कोई भूमिका रही हो सकती है, इस संभावना को भी खंगाला जा रहा है. साथ ही नीरज के मोबाइल और निजी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है.
