
उदित वाणी, कोलाबीरा : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल में कार्यरत अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी सन्नी बर्मन को शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया. वह यह रकम ग्रामीण राजेश हेंब्रम से पुश्तैनी ज़मीन को पंजी-2 में दर्ज करने के एवज में मांग रहा था.
शिकायत के आधार पर ACB ने रचा जाल
राजेश हेंब्रम की शिकायत पर ACB ने सटीक योजना बनाकर जाल बिछाया और मौके पर ही रिश्वत लेते हुए सन्नी बर्मन को पकड़ लिया. इसके बाद टीम उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई.
जनता की नाराज़गी, कुछ ने बताया सरकार के लिए शर्मनाक
इस कार्रवाई के बाद आम नागरिकों ने ACB की तत्परता की सराहना की है. हालांकि, कई भुक्तभोगियों ने टिप्पणी करते हुए कहा कि इस तरह के मामले राज्य सरकार के लिए शर्मनाक हैं और यह दर्शाता है कि सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार किस हद तक जड़ें जमा चुका है.
सरकारी कार्यालयों में रिश्वत का ‘सिस्टम’?
राजस्व, अंचल, और ग्रामीण विकास जैसे विभागों में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले यह संकेत देते हैं कि रिश्वतखोरी अब एक सामान्य प्रक्रिया बन चुकी है. लोग इसे ज़रूरी ‘फीस’ मानने लगे हैं और कर्मचारी बिना भय के इस काली कमाई को अंजाम दे रहे हैं.

