
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के एन रोड स्थित अय्यप्पा मंदिर के पास मंगलवार रात जमीन विवाद को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. आरोप है कि करीब 30 से 35 युवक हथियार से लैस होकर आपराधिक मंशा से जमीन पर कब्जा जमाने पहुंचे और धमकाने का प्रयास किया. घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
रायपुर निवासी शरद वरू, जो उक्त जमीन के मालिक हैं, ने बताया कि यह जमीन उनकी सास के नाम से है. आरोप के अनुसार, बबलू जायसवाल ने इस जमीन में से लगभग 300 स्क्वायर फीट का हिस्सा खरीदा है. लेकिन विवाद इसी बात को लेकर है कि बबलू ने खरीदी गई जमीन से सटे हुए हिस्से पर भी कब्जा करने की कोशिश शुरू कर दी है और इसी उद्देश्य से गुंडों को भेजकर लगातार धमकी और हमले करवाए जा रहे हैं.

शरद वरू का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पूर्व भी कई बार स्थानीय गुंडों द्वारा उनके परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश की जा चुकी है. उन्होंने बताया कि विवादित स्थल पर आए युवक खुलेआम हथियार लहराते रहे और धमकी दी कि यदि जमीन नहीं छोड़ी गई तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे.
जानकारी के अनुसार, जिस बबलू जायसवाल पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया जा रहा है, वह पहले जीएसटी घोटाले के मामले में जेल जा चुका है. इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

वहीं, बिष्टुपुर थाना पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

