
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के नवजीवन कॉम्पलेक्स में कुत्ते को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है. विवाद के बाद एक महिला को दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़िता ने बिरसानगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
घटना 8 नवंबर की बताई जा रही है, जबकि मामला 10 नवंबर को थाने पहुंचा. पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिकी में आरोपी के रूप में नीरज मिश्रा, मौसमी सिन्हा, तन्नु दत्ता और एक अज्ञात व्यक्ति का नाम शामिल किया गया है. सभी आरोपी नवजीवन कॉम्पलेक्स के ही निवासी बताए जा रहे हैं.
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि उसके पालतू कुत्ते को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पड़ोसियों ने गाली-गलौज करते हुए दुष्कर्म की धमकी दी और जान से मार देने की चेतावनी दी. शोर-शराबा बढ़ने पर अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए.
थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पीड़िता के बयान के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ की तैयारी में जुटी है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला पुलिस अधिकारियों की भी तैनाती की गई है.

