
उदित वाणी, जमशेदपुर : आज़ाद नगर थाना और कपाली ओपी क्षेत्र में एक बड़े ऑनलाइन स्कैम का खुलासा हुआ है. “ग्लोबल ट्रेवल्स” नामक एक वेबसाइट के माध्यम से हज़ारों लोगों से करोड़ों रुपये ठगे जाने का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, इस वेबसाइट में लोगों को इन्वेस्टमेंट पर दोगुना-तिगुना मुनाफा देने का लालच दिया गया था.
इन्वेस्टर्स ने बताया कि वेबसाइट का सिस्टम इस तरह से काम करता था कि यदि कोई यूज़र लिंक किसी और को भेजकर रजिस्ट्रेशन करवाता और नया व्यक्ति इन्वेस्ट करता, तो पहले वाले यूज़र को भी लाभ मिलता. इस चेन सिस्टम में लोग लगातार जुड़ते गए. निवेश की न्यूनतम राशि 1800 रुपये और अधिकतम लाखों रुपये तक रखी गई थी. इसके अलावा वेबसाइट द्वारा लकी ड्रा के ज़रिए फ़्रिज, कूलर, एसी, गोल्ड कॉइन सहित कई आकर्षक उपहार देने का भी प्रलोभन दिया गया.
मामला तब तूल पकड़ गया जब सोमवार देर रात वेबसाइट पर एक नोटिफिकेशन आया कि “तकनीकी कारणों से रेडीम (पैसे निकालना) संभव नहीं है.” यह संदेश मिलते ही निवेशकों में हड़कंप मच गया. सैकड़ों की संख्या में लोग ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जेसु भवन के पास शॉपिंग सेंटर अपार्टमेंट में पहुंचे, जहाँ ग्लोबल ट्रेवल्स का ऑफिस संचालित किया जा रहा था.
ऑफिस पहुँचने पर लोगों ने देखा कि वहां कोई कर्मचारी या संचालक मौजूद नहीं था. इससे गुस्साए निवेशक बेकाबू हो गए और कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की. लोगों ने ऑफिस में रखे फ़्रिज, एसी, कंप्यूटर, यहाँ तक कि बल्ब और पंखे तक अपने साथ ले गए. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आसपास के दुकानदारों ने अपने शटर गिरा लिए.
सूत्रों के अनुसार, ग्लोबल ट्रेवल्स का एक और कार्यालय कपाली ओपी क्षेत्र में भी था, जहाँ इन्वेस्टर्स ने देर रात जमकर हंगामा किया. दोनों जगह पुलिस बल तैनात किया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वेबसाइट के माध्यम से करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है और संचालक फरार हैं.
आज़ादनगर थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस साइबर सेल की मदद से वेबसाइट संचालकों का लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है. अनुमान है कि यह एक बड़े स्तर का ऑनलाइन नेटवर्क मार्केटिंग फ्रॉड है, जिसमें शहर के सैकड़ों लोग ठगी के शिकार हुए हैं.

