
उदित वाणी, सरायकेला : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर जंगल में गुरुवार अहले सुबह मिट्टी में दफन अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. तालाब की ओर जाने वाले रास्ते पर लोगों ने शव के पैर देखे और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने की घटनास्थल जांच
आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ पहुंचे. शव गड्ढे में दफन था. मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव बाहर निकाला जाएगा. आसपास खून के धब्बे, जली टोपी, आधार कार्ड और बैंक पासबुक बरामद हुई. आधार कार्ड में टोकलो का पता, पासबुक में कदमा का अंकित है.
संदीप महतो की संभावित पहचान
मृतक की पहचान गम्हरिया के बीके स्टील प्लांट के पास होटल चलाने वाले संदीप महतो होने की चर्चा है. पुलिस पोस्टमार्टम और जांच के बाद पुष्टि करेगी. प्राथमिक जांच से हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है.
लगातार शव बरामदगी से सनसनी
तीन दिन पूर्व जेएमटी ऑटो के पास भी अज्ञात युवक का शव मिला था, जिसका खुलासा नहीं हुआ. एक और शव मिलने से इलाके में चर्चाएं तेज हो गई हैं. पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है.

