
उदित वाणी, आदित्यपुर : कल्पनापुरी कॉलोनी, आदित्यपुर के रिहायशी इलाके में आज दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलोनी के रोड नंबर-2 स्थित एक मकान में भीषण आग लग गई. घटना शाम लगभग 3:45 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, रोड नंबर-02 के मकान संख्या 139/88, जो अक्षय कुमार का है, उसकी तीसरी मंजिल पर बने कपड़ों के गोदाम में आज दोपहर के समय अचानक आग भड़क उठी.
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने छत से उठते घने धुएं और आग की लपटों को देखा तो आदित्यपुर नगर निगम को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम वहां पहुंची तथा उसके बाद नगर निगम की टीम ने पास स्थित छत की टंकी से पानी निकालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.

हालांकि आग इतनी तेज थी कि स्थानीय प्रयास पर्याप्त नहीं हो सके. उसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. परन्तु तब-तक गोदाम में रखा पूरा रेडीमेड कपड़ों का स्टॉक जलकर राख हो चुका था. बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार पहले दिल्ली में रेडीमेड गारमेंट का कारोबार करते थे. परन्तु लॉकडाउन के बाद कल्पनापुरी स्थित अपने घर लौटकर वे इसी मकान की छत पर कपड़ों का छोटा गोदाम बनाकर व्यवसाय कर रहे थे.
वहीं, आगजनी की इस घटना से पूरी कॉलोनी में हड़कंप मचा गया. आस-पास के लोग भी अपने-अपने मकान से बाहर निकल आए. घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक फायर ब्रिगेड की टीम गोदाम में धधक रहे हिस्सों को पूरी तरह ठंडा करने में लगी हुई थी.

