
उदित वाणी, जमशेदपुर : ओडिशा सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा ने शनिवार को टाटा स्टील यंग एस्ट्रोनॉमर टैलेंट सर्च (वाईएटीएस) 2025 के 19वें संस्करण के ग्रैंड फिनाले के शीर्ष 30 विजेताओं को सम्मानित किया. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत भुवनेश्वर स्थित पथानी सामंता तारामंडल के सहयोग से टाटा स्टील द्वारा आयोजित यह प्रमुख पहल ओडिशा के महान खगोलशास्त्री पथानी सामंता की विरासत को समर्पित है.
इसका उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को पोषित करना और राज्य भर के स्कूली बच्चों को विज्ञान, खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान में रुचि जगाना है. राज्य भर से 60 फाइनलिस्टों में से 30 विजेताओं की घोषणा की गई. इस वर्ष कार्यक्रम में 76,700 से अधिक छात्रों ने भाग लिया. 2007 में कार्यक्रम की शुरुआत से लेकर अब तक वाईएटीएस राज्य के 47 लाख से अधिक छात्रों तक पहुंच चुका है. टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष डीबी सुंदरा रामम ने युवा शिक्षार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा जगाने के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता पर जोर दिया.
उन्होंने कहा कि वाईएटीएस सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं है. यह पथानी सामंता की विरासत को श्रद्धांजलि और ओडिशा की वैज्ञानिक भावना का उत्सव है. युवा दिमागों को जिज्ञासा और साहस के साथ ब्रह्मांड का अन्वेषण करने के लिए प्रोत्साहित करके हम एक ऐसे भविष्य में निवेश कर रहे हैं, जहां नवाचार, खोज और मानवीय क्षमता पहले से कहीं अधिक उज्ज्वल होगी.

