
उदित वाणी, गुवा : टाटा स्टील लिमिटेड की नोआमुंडी आयरन माइन में खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) के तत्वावधान में 63वें वार्षिक धात्विक खान सुरक्षा सप्ताह-2025 का चाईबासा क्षेत्र में भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ. मुख्य अतिथि के रूप में DGMS के महानिदेशक उज्ज्वल ताह उपस्थित रहे, जबकि डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद (उप महानिदेशक, दक्षिण पूर्वी क्षेत्र, रांची) एवं संदीप कुमार (वाइस प्रेसिडेंट, टाटा स्टील) विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए.
क्षेत्र की 38 सहभागी खानों में दिसंबर 2025 के दौरान आयोजित खान निरीक्षण, HEMM ऑपरेटर ट्रेड टेस्ट, प्राथमिक उपचार प्रतियोगिताओं एवं प्रचार गतिविधियों का यह उत्सवपूर्ण समापन था. विभिन्न खानों का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों का मूल्यांकन किया गया, श्रेष्ठ प्रथाओं का आदान-प्रदान हुआ तथा श्रमिकों को सुरक्षा मार्गदर्शन प्रदान किया गया. उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए DGMS अधिकारियों एवं वरिष्ठों ने कुल 203 पुरस्कार व ट्रॉफियां वितरित कीं.
नोआमुंडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित समारोह में लगभग 600 खननकर्मी शामिल हुए. मुख्य अतिथि उज्ज्वल ताह ने संबोधन में कहा कि DGMS खननकर्मियों की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है तथा व्यावसायिक स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कार्यस्थिति संहिता से दुर्घटनाएं कम होंगी. डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद ने निरीक्षण, सेमिनारों एवं त्रिपक्षीय बैठकों के माध्यम से सुरक्षा संदेश प्रसार का उल्लेख किया.
टाटा स्टील वाइस प्रेसिडेंट संदीप कुमार ने सतत खनन के 100 वर्ष पूरे होने पर खुशी जताई तथा डिजिटलाइजेशन, इनोवेशन एवं आधुनिक मशीनरी से सुरक्षा मजबूत करने पर जोर दिया. सुरक्षा सप्ताह समिति अध्यक्ष राकेश रमेश्वर मिश्रा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की. निदेशक महेश्वर रेड्डी, शंकरसना बेहेरा, उप निदेशक सुधीर आर, रविंद्र बोंठा एवं शेख मिनहाजुद्दीन ने शोभा बढ़ाई. जीएम ओएमक्यू देवाशीष जेना ने अतिथियों का स्वागत किया. पुष्प प्रदर्शनी ने समारोह को और आकर्षक बनाया.

