
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स लिमिटेड के जमशेदपुर प्लांट में व्यावसायिक आवश्यकताओं को देखते हुए रविवार, 8 मार्च को पूर्ण रूप से कामकाज होगा. कंपनी ने शुक्रवार को एक सर्कुलर जारी कर इसकी जानकारी दी है.सर्कुलर (संदर्भ संख्या: PD/WO/68, दिनांक 06.03.2026) के अनुसार, सभी डिवीजन/विभाग, उनकी सेवाएं और जनरल ऑफिस सहित पूरा प्लांट 8 मार्च को सामान्य कार्य दिवस की तरह चलेगा. इस दिन काम करने के बदले कर्मचारियों को बाद में कंपेंसेटरी अवकाश दिया जाएगा, जिसकी सूचना अलग से दी जाएगी.प्लांट के हेड-जमशेदपुर ने सर्कुलर में निर्देश दिया है कि सभी डिविजनल/डिपार्टमेंटल हेड्स अपने-अपने क्षेत्र में कॉमन सर्विसेज की गतिविधियों का समन्वय करेंगे और आवश्यक निर्देश जारी करेंगे. यह सर्कुलर नोटिस बोर्ड पर पोस्ट किया जाएगा, साथ ही शिफ्ट चेंज नोटिस भी लगाया जाएगा.
कंपनी ने इस फैसले की सूचना इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज, डिप्टी लेबर कमिश्नर और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के जेनरल सेक्रेटरी को भी भेजी है. उल्लेखनीय है कि टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में पिछले कुछ महीनों में भी कई बार बढ़ती मांग और प्रोडक्शन टारगेट को पूरा करने के लिए रविवार को काम करने के फैसले लिए गए हैं, जिसमें कर्मचारियों को बाद में छुट्टी का प्रावधान रहता है. यह कदम वाणिज्यिक वाहनों की बढ़ती डिमांड और बिजनेस जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से उठाया गया है. कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे इस बदलाव के अनुसार अपनी ड्यूटी पूरी करें और प्लांट की उत्पादकता बनाए रखें.

