
उदित वाणी, कांड्रा : सृजन स्टील एंड पावर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की प्रस्तावित विस्तार परियोजना को लेकर शनिवार को कंपनी परिसर में जनसुनवाई आयोजित की गई. कार्यक्रम सुबह में शुरू हुआ और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. जनसुनवाई की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश तथा क्षेत्रीय पदाधिकारी, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जितेंद्र प्रसाद सिंह ने की.जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. इस दौरान जिला परिषद सदस्य, कमलपुर, उपर दुगनी, सिनी एवं मोहिटपुर के मुखिया सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने परियोजना के विस्तार से पर्यावरण, प्रदूषण नियंत्रण, रोजगार और स्थानीय विकास पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं.
प्रबंधन ने दी जानकारी
कंपनी प्रबंधन की ओर से परियोजना से संबंधित तकनीकी पहलुओं और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई. अधिकारियों ने बताया कि विस्तार के दौरान पर्यावरणीय मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा. ग्रामीणों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का प्रबंधन ने क्रमवार उत्तर दिया, जिससे उपस्थित लोग संतुष्ट दिखाई दिए. कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सुझावों और आपत्तियों को संज्ञान में लेकर आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी. जनसुनवाई के शांतिपूर्ण आयोजन को प्रशासन और कंपनी प्रबंधन ने सकारात्मक पहल बताया.
