
उदित वाणी, बहरागोड़ा : पारुलिया पंचायत के पाथरघाटा गांव के दो मजदूरों की बीते गुरुवार को पश्चिम बंगाल के भमाल गांव में कुएं में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई थी. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती अपने टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को चावल समेत आर्थिक सहायता प्रदान की. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया था कि यथाशीघ्र मुआवजा राशि दिलाने के लिए वे उपायुक्त से बात करेंगे.
अपने वादे को निभाते हुए विधायक मोहंती ने सोमवार को प्रखंड प्रशासन की मदद से श्रम विभाग द्वारा दोनों मृतक परिवारों को 50-50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया. इस मौके पर विधायक ने कहा कि कुएं में गिरने से मौत होने पर सरकार की ओर से सीधे मुआवजा देने का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है, लेकिन उनके प्रयास से प्रशासनिक स्तर पर सहायता उपलब्ध कराई गई है. उन्होंने यह भी कहा कि सभी जरूरी दस्तावेज पूरे हो जाने के बाद अतिरिक्त सहायता राशि भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी.
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, बरसोल थाना प्रभारी चंदन कुमार, प्रखंड अध्यक्ष आशीत मिश्रा, विधायक के निजी सचिव विशाल बारिक, मुखिया सुपर्णा सिंह सहित पिंटू दत्त, अशोक सेन, जीतेंद्र ओझा, बिस्वजीत पाल, बिसु ओझा, दीपक महापात्र, जोदूपति राणा, सुधीर सिंह और राजेश भद्र उपस्थित थे.

