
उदित वाणी, बहरागोड़ा : एनएच-49 पर कालियाडींगा चौक के पास जर्जर सर्विस रोड की धीमी और अव्यवस्थित मरम्मत को लेकर बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती ने सख्त रुख अपनाया है. स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद विधायक ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्य की स्थिति का जायजा लिया.
गड्ढों में तब्दील सड़क, लोगों को भारी परेशानी
निरीक्षण के दौरान विधायक को बताया गया कि निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क मरम्मत कार्य बेहद सुस्त गति से किया जा रहा है. सड़क के दोनों ओर गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिससे आमजन, विशेषकर स्कूली बच्चों को आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के चलते गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और भी बढ़ गई है.
अनियमितताओं पर भड़के विधायक, उठाया सख्त कदम
विधायक समीर कुमार मोहंती ने मौके पर ही एनएचएआई की परियोजना निदेशक एकता कुमारी और जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से बात कर त्वरित कार्रवाई की मांग की. उन्होंने गड्ढों को जल्द भरने, सड़क को यातायात योग्य बनाने और काम में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी जय माता दी कंपनी पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण
निरीक्षण के समय बीस सूत्री कार्यक्रम के अध्यक्ष असित मिश्रा, झामुमो नेता प्रो. श्याम मुर्मू, निर्मल दुबे, गुरुचरण मांडी, सतीश मुंडा, जीत वाहन राउत, पप्पू राउत, जगदीश राय, यदुपति राणा, तापस महापात्र, खितिश मुंडा, बलराम पातर सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे.

