
उदित वाणी, बहरागोड़ा : पाथरा पंचायत के पाथरा चौक में रविवार को स्वर्गीय द्विजेन कुमार षडंगी (कुनु बाबू) की प्रतिमा अनावरण समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ. मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शामिल हुए, जिनका आगमन पर भव्य स्वागत किया गया. प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पण के बाद मंचीय कार्यक्रम की शुरुआत हुई और अतिथियों को पुष्पगुच्छ व शाल देकर सम्मानित किया गया.
प्रमुख श्रद्धांजलि और पूर्व मुख्यमंत्री की भावनाएँ
अर्जुन मुंडा ने उपस्थित जनसमूह के साथ दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय कुनु बाबू को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि द्विजेन कुमार षडंगी एक साइलेंट कर्मी के रूप में समाज की सेवा में निरंतर समर्पित रहे. गरीबों और वंचितों के अधिकारों की आवाज बनकर उन्होंने अदालतों में न्याय दिलाने का उल्लेखनीय कार्य किया.
उन्होंने कहा कि आज यहां उमड़ी भारी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि कुनु बाबू ने लोगों के दिलों में अमिट स्थान बनाया था. उन्होंने अपनी अंतिम मुलाकात को याद करते हुए कहा कि बातचीत के कुछ ही दिन बाद उनके निधन का समाचार अत्यंत दुखद रहा.

जीवन पथ: सेवा, संघर्ष और जनसमर्पण
कुनु बाबू का जन्म 10 नवंबर 1951 को हुआ और निधन 19 दिसंबर 2022 को हुआ. प्रारंभिक दिनों में उन्होंने अपने राजनीतिक गुरु बीजू पटनायक के सानिध्य में समाजसेवा के संस्कार सीखे.
अपनी पढ़ाई पूरी कर पैतृक गांव पूर्वी सिंहभूम के गण्डानाटा लौटने के बाद उन्होंने मुखिया चुनाव में विजय प्राप्त की और 29 वर्षों तक लगातार मुखिया रहे. इस दौरान वे क्षेत्र के गरीब, वंचित व आदिवासी समुदाय के प्रिय नेता बन गए. उनकी राजनीति में संताल समाज उनकी सबसे बड़ी शक्ति रहा.
ओडिशा के खिचिंग से पत्थर लाकर बहरागोड़ा के कारीगरों द्वारा उनकी प्रतिमा तैयार की गई है.
कुनु बाबू के संकल्प को आगे बढ़ा रहे ऋषि षडंगी
स्वर्गीय कुनु बाबू के सुपुत्र ऋषि षडंगी ने 25 वर्षों तक मीडिया इंडस्ट्री में कार्य किया और डिज़्नी हॉटस्टार में शीर्ष पद पर रहे. पिता के प्रति जनसमर्थन और सम्मान को देखकर उन्होंने उनकी सेवा-यात्रा को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया. वे वर्तमान में भाजपा से जुड़े हैं और क्षेत्र की जनता के लिए कार्यरत हैं.

जनसमूह और विशिष्ट अतिथि
भव्य समारोह में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चंडी चरण साहू, सांसद के पुत्र कुणाल महतो, स्वर्गीय कुनु बाबू की पत्नी सुस्मिता सारंगी, पुत्री रुचि सारंगी सहित गौरब पुष्टि, प्रबोध रंजन दास, अजय साह, सुनीता देबदूत सोरेन, दिनेश साहू, फूलमानी मुर्मू, राधि मुर्मू, परमेश्वर हेंब्रम, चंद्र मोहन मंडी, आशुतोष मिश्रा, मनोज गिरी, आनंद अग्रवाल, चितरंजन महापात्र, रामनाथ सिंह, धनेश्वर मुर्मू आदि प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे.

