
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पास पुलिस ने शनिवार की शाम छापेमारी कर 20.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य मौके से भागने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खड़गपुर (मेदिनीपुर रेलवे मार्केट) निवासी दीपेंद्र सोमानी के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के बयान पर दीपेंद्र सोमानी के साथ-साथ पश्चिमी मेदिनीपुर गुरुद्वारा निवासी दिवाकर दुबे और घाटशिला निवासी सुनील के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बहरागोड़ा बस स्टैंड क्षेत्र में गांजे की बड़ी खेप लाई गई है। सूचना के आधार पर अंचलाधिकारी की उपस्थिति में छापेमारी दल गठित कर कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपेंद्र सोमानी को पकड़ लिया। मौके से 20.050 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और 540 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई थी, जिससे अफरा-तफरी मच गई और इसी का फायदा उठाकर दो आरोपी फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके बयान के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

