
उदित वाणी, जमशेदपुर: सोना देवी विश्वविद्यालय में फ्रेशर्स वीक ‘आगाज’ 3 का छठा दिन तकनीक और भविष्य में उसकी उपयोगिता के नाम रहा। विवेकानन्द ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में फ्यूचर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड मैनेजमेंट के सहायक प्रोफेसर साहित्य मंडल ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग की जानकारी दी।
साहित्य मंडल ने बताया कि साइबर सुरक्षा तकनीक का इस्तेमाल कर हम अपने दैनिक जीवन को सुरक्षित बना सकते हैं और निश्चिन्त रह सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग कर हम अपनी कार्यक्षमता को बढ़ा सकते हैं और कम त्रुटि और तेज गति के साथ काम कर सकते हैं।
कोडस्टेन टेक्नोलॉजी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी प्रियांशु कुशवाहा ने विद्यार्थियों को चैट जीपीटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बेहतर उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चैटजीपीटी का उपयोग कर कठिन से कठिन कार्य को सुविधाजनक तरीके से कम से कम समय में किया जा रहा है।
प्रियांशु कुशवाहा ने सभी विद्यार्थियों को टेक्नो फ्रेंडली बनने की सलाह दी। इससे पहले सोना देवी विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल की प्रमुख डॉ नित नयना ने नव नामांकित विद्यार्थियों को सोना देवी विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न संस्थानों के साथ किये गये एमओयू की जानकारी दी और बताया कि सोना देवी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी कहां कहां इंटर्नशिप कर रहे हैं।
फ्रेशर्स वीक के दूसरे सत्र में विद्यार्थियों के बीच निबंध प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया और उन्हें एक मोटिवेशनल फिल्म दिखाई गई। इस अवसर पर परीक्षा विभाग से जुड़ी सोनल कुमारी ने विद्यार्थियों को परीक्षा विभाग की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

