
उदित वाणी, जमशेदपुर: साहित्य, संस्कृति व कला को समर्पित संस्था सुरभि की ओर से होली के अवसर पर अपने अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन 3 मार्च शुक्रवार को लोयला स्कूल के फैंसी ऑडिटोरियम में किया गया है.
सुरभि संस्था के अध्यक्ष और प्रख्यात साहित्य सेवी व उद्यमी गोविंद दोदराजका (अग्रवाल) ने बताया कि शुक्रवार शाम 6:00 बजे इस कवि सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा करेंगे.
गोविंद दोदराजका ने बताया कि कवि सम्मेलन में देश के ख्यातिप्राप्त कवियों राव अजातशत्रु (उदयपुर), जानी बैरागी राजोद (मध्य प्रदेश), आशीष अनल (लखनऊ), राधेश्याम भारती ( प्रयागराज), सुश्री मणिका दूबे (जबलपुर, मप्र), व श्रीमती भुवन मोहिनी (इंदौर, मप्र) अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे, हंसाएंगे और चुटीली व्यंग्य रचनाओं से समाज और देश की स्थितियों से रूबरू कराएंगे.
इस कार्यक्रम का संचालन राव अजातशत्रु (उदयपुर) के द्वारा किया जाएगा. गोविंद दोदराजका ने बताया कि कवि सम्मेलन में प्रवेश नि:शुल्क है, किंतु प्रवेश आमंत्रण-पत्र के द्वारा ही संभव हो सकेगा.

