उदित वाणी, जमशेदपुर : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को रद्द करने, सार्वजनिक शिक्षा को बचाने एवं सभी छात्र युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर ‘अखिल भारतीय साप्ताहिक मांग दिवस’ के मौके पर साकची गोल चक्कर, जमशेदपुर में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन (AIDSO) की ओर से एक विरोध सभा का आयोजन किया गया.
पेपर लीक पर भड़के छात्र, शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा
इस मौके पर उपस्थित संगठन के प्रदेश सचिव सोहन महतो ने कहा कि विगत कई वर्षों से NEET जैसी परीक्षाओं का पेपर लीक होना बेहद शर्मनाक है. इसके साथ ही विभिन्न तरह की अन्य परीक्षाओं के पेपर भी लीक हो रहे हैं, जिससे छात्रों के भविष्य के साथ सरासर खिलवाड़ किया जा रहा है. उन्होंने कहा, “हम सभी छात्र इस नाकामी को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हैं.”
सरकारी स्कूल-कॉलेज बंद होने और बेरोजगारी पर चिंता
सोहन महतो ने आगे कहा कि दूसरी ओर सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है और सरकारी कॉलेजों से भी विभिन्न विभागों को समाप्त किया जा रहा है. देश में छात्र और युवा हर वर्ष करोड़ों की संख्या में बेरोजगार हो रहे हैं, परंतु केंद्र व राज्य सरकार नौकरी देने में असमर्थ साबित हो रही हैं. आज इस विपरीत परिस्थिति में छात्र आंदोलन का सड़कों पर होना लाजमी है.
मांगे पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने बताया कि आज पूरे देश भर में संगठन के लोग एक सप्ताह तक तीन प्रमुख मांगों को लेकर विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और चौक-चौराहों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. यदि इन मांगों पर सरकार जल्द विचार नहीं करती है, तो आने वाले दिनों में संगठन की ओर से विभिन्न राज्यों एवं केंद्र की सरकार के खिलाफ एक विशाल छात्र प्रदर्शन किया जाएगा.


