उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स ने जमशेदपुर प्लांट में 20 जून शनिवार को ब्लॉक क्लोजर (काम बंदी) लागू करने का फैसला लिया है.इस दौरान प्रभावित कर्मचारियों को दिन के 50 प्रतिशत समय के लिए अपनी प्रिविलेज लीव (Privilege Leave) या कैजुअल लीव (Casual Leave) का उपयोग करना होगा.
शेष 50 प्रतिशत समय के लिए कंपनी द्वारा उन्हें सामान्य वेतन या मजदूरी का भुगतान किया जाएगा. ब्लॉक क्लोजर वाले दिन को कर्मचारियों की उपस्थिति वाला दिन माना जाएगा. जिन कर्मचारियों को ब्लॉक क्लोजर के दौरान काम करने की जरूरत होगी, उन्हें संबंधित डिवीजन या विभाग प्रमुख द्वारा अलग से सूचना दी जाएगी.
ऐसे कर्मचारियों को सामान्य कार्यदिवस की तरह ड्यूटी पर आना अनिवार्य होगा.जिन कर्मचारियों को काम के लिए बुलाया जाएगा लेकिन वे ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें उस दिन के लिए अपनी छुट्टी (लीव) का उपयोग करना होगा. ब्लॉक क्लोजर से प्रभावित कर्मचारियों को ब्लॉक क्लोजर से ठीक पहले या ठीक बाद की अवधि के लिए कोई छुट्टी मंजूर नहीं की जाएगी.
कंपनी ने यह व्यवस्था उत्पादन और परिचालन संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लागू की है. कर्मचारियों को सलाह दी गई है कि वे अपने विभाग प्रमुख से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर लें.


