उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ घूम रहे एक किशोर को गिरफ्तार कर संभावित आपराधिक वारदात की आशंका को टाल दिया. पुलिस के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई थाना के चर्चित कांड संख्या 112/25 के आरोपी, जो हाल ही में जेल से बाहर निकला हैं, गवाहों को प्रभावित करने और उन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से बिष्टुपुर से पार्वती घाट होते हुए जुगसलाई क्षेत्र में लगातार आना-जाना कर रहा हैं.
सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने पार्वती घाट के समीप एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया. इसी दौरान एक संदिग्ध किशोर को रोककर तलाशी ली गई. पूछताछ में उसने अपनी उम्र करीब 17 वर्ष बताई. तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
इस मामले में पु.अ.नि. कृष्ण कुमार यादव के लिखित आवेदन पर जुगसलाई थाना में कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. गिरफ्तार किशोर का पूर्व में भी जुगसलाई थाना के दो आपराधिक मामलों में नाम सामने आ चुका है.


