
उदित वाणी, जमशेदपुर : देश के प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूल एक्सएलआरआइ – जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर कैंपस में फादर एनराइट मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट ‘एक्स-फेक्ट 3.0’ के तीसरे संस्करण का रंगारंग आगाज हुआ. टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 12 पुरुष और 4 महिला टीमें शामिल हैं, जो खेल के साथ‑साथ सामाजिक सरोकार का संदेश दे रही हैं.
इस बार प्रतियोगिता का थीम “प्ले फॉर अ कॉज” रखा गया है, जिसके तहत मैचों से प्राप्त राशि जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के कल्याण पर खर्च की जाएगी. उद्घाटन समारोह में छात्रों, फैकल्टी, स्टाफ, पूर्व छात्रों, कैंपस सहयोगियों और अन्य आमंत्रित अतिथियों की भारी भीड़ उमड़ी. ट्रॉफी अनावरण के बाद पहला मैच सिक्योरिटी स्टाफ ‘ईगल्स’ और मेंटेनेंस स्टाफ ‘पैंथर्स’ के बीच खेला गया.

उद्घाटन सत्र में डीन (प्रशासन एवं वित्त) फादर डोनाल्ड डिसिल्वा, एसजे ने संबोधित करते हुए कहा कि एक्स‑फेक्ट सिर्फ खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सेवा, एकजुटता और सामुदायिक भागीदारी जैसे मूल्यों को जीने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि जिनके पास संसाधन हैं, उन्हें समाज के वंचित वर्गों के साथ बांटने की सीख इस टूर्नामेंट के माध्यम से दी जा रही है, ताकि ‘हैव्स’ और ‘हैव‑नॉट्स’ के बीच की खाई कम हो सके.
टूर्नामेंट के अंत में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और विजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी और पुरस्कार दिए जाएंगे. प्रबंधन ने कहा कि इस प्रतियोगिता में एक्सएलआरआइ परिवार के 240 से अधिक शौकिया खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और सप्ताहांत व अवकाश के दिनों में खेले जाने वाले मैचों में कुल 5,000 से अधिक दर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है.
एक्सएलआरआइ प्रशासन ने टूर्नामेंट को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रायोजकों, समर्थकों, प्रतिभागियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया. लीग राउंड, एलिमिनेटर, सेमीफाइनल और भव्य फाइनल के साथ यह क्रिकेट महोत्सव आने वाले दिनों में कैंपस के लिए रोमांच और सामाजिक जिम्मेदारी का अनूठा संगम पेश करेगा.

