
अहमदाबाद: आईपीएल के 18 सालों के लंबे इंतजार के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आखिरकार खिताबी जीत हासिल कर ली. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को मात्र 6 रन से हराया और पहली बार आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया.
विराट कोहली इस भावुक जीत के बाद मैदान पर ही फूट-फूट कर रो पड़े. यह जीत सिर्फ एक टीम की नहीं, बल्कि उन करोड़ों प्रशंसकों की भी थी, जिन्होंने हर हार के बाद अगली सुबह आरसीबी की जर्सी पहनना नहीं छोड़ा.
पाटीदार की कप्तानी में टूटी ट्रॉफी की तिलस्म
पहली बार कप्तानी कर रहे रजत पाटीदार ने 190 रनों का लक्ष्य तय कर टीम को जीत दिलाई. मुकाबले में आरसीबी ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 190 रन बनाए. जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 184 रन पर ही सिमट गई. यह आरसीबी का चौथा फाइनल था, लेकिन इस बार किस्मत ने साथ दिया.
पाटीदार आईपीएल ट्रॉफी उठाने वाले आरसीबी के पहले कप्तान बन गए. उन्होंने भावुक होकर कहा, “यह जीत विराट और हर उस फैन के लिए है, जो वर्षों से हमारा साथ निभा रहे थे.”
क्रुणाल की गेंदबाजी बनी जीत की चाबी
खिताबी मुकाबले में क्रुणाल पांड्या ने 17 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने. कप्तान पाटीदार ने कहा, “जब भी टीम दबाव में होती है, मैं क्रुणाल की ओर देखता हूं. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में टीम को संभाला.”
तेज गेंदबाजों – भुवनेश्वर, यश, हेजलवुड और रोमारियो – ने भी सटीक गेंदबाजी कर पंजाब की उम्मीदों को तोड़ा.
विराट कोहली को समर्पित ‘ई साला कप नामदे’
मैच के बाद पाटीदार ने जोश में ‘ई साला कप नामदे’ (इस साल कप हमारा है) का नारा लगाया. विराट कोहली, जो लंबे समय से ट्रॉफी की तलाश में थे, इस पल को जीते हुए बेहद भावुक नजर आए.
सितारों की ओर से आरसीबी को सलाम
विजय देवरकोंडा ने कहा – “खेल में दिखा जुनून और प्यार”
अमिताभ बच्चन ने पोस्ट किया – “आभार, स्नेह”
एल्विश यादव बोले – “विराट के लिए बेहद खुशी”
सोनू सूद बोले – “मेहनत का फल मीठा होता है”
रणवीर सिंह ने टीम की फोटो शेयर कर लिखा – “यह सबकुछ है”
शांतनु बाघ्यराज ने कहा – “18 साल के इंतजार की सलामी”
अल्लू अर्जुन बोले – “इंतजार खत्म, सपने पूरे”
निमरत कौर ने शेयर की विराट की तस्वीर
रत्ना कुमार ने पोस्ट किया – “यह सिर्फ एक जीत नहीं, एक युग का अंत है”
(IANS)

