
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी के मुख्य कोच स्टीवन डायस सुपर कप में लय बरकरार रखने के लिए तैयार हैं. एक विशेष साक्षात्कार में डायस ने आगामी टूर्नामेंट के लिए टीम के प्रदर्शन, तैयारी और रणनीति पर अपने विचार साझा किए. डूरंड कप के अनुभव पर डायस ने कहा, “हम डूरंड कप के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे, लेकिन मुझे लगता है कि इस उपलब्धि के बावजूद हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया.हालांकि, हमने अपनी ताकत और कमजोरियों की पहचान कर ली है और हम उन पर काम कर रहे हैं. सुपर कप के लिए हमारी तैयारी अच्छी चल रही है और हर कोई इस टूर्नामेंट को लेकर उत्साहित है.
सवाल-युवा और अनुभव का संतुलन
डायस ने टीम में अनुभव और युवा के बीच संतुलन बनाने के महत्व पर ज़ोर दिया. उन्होंने कहा, मुझे अनुभवी खिलाड़ियों को प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों के साथ मिलाना पसंद है. अभी हमारे पास एक बहुत ही संतुलित टीम है, जो नॉकआउट फ़ुटबॉल में महत्वपूर्ण होगी.
सवाल-खेल शैली और पहचान के बारे में
टीम की खेल शैली और पहचान के बारे में पूछे जाने पर, डायस ने कहा, “हम सुपर कप के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं और हमारी तैयारी अच्छी चल रही है. मुझे हमेशा आक्रामक और मज़बूत डिफ़ेंसिंग वाली फ़ुटबॉल पसंद है. हम टूर्नामेंट में इसी शैली को दिखाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं.”

