
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित आर्मरी ग्राउंड शनिवार को खेल, उत्साह और समावेशन की भावना का सशक्त प्रतीक बना, जहां इंटर जेडीसी क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले के साथ-साथ महिला क्रिकेट टूर्नामेंट 2025-26 का भी आयोजन किया गया. क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एसएमडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीआरएम को 7 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. पहले बल्लेबाजी करते हुए सीआरएम की टीम 10 ओवर में 77 रन पर ऑलआउट हो गई. सीआरएम की ओर से आकाश नाथ ने 28 रन तथा अभिषेक ने 17 रन का योगदान दिया. एसएमडी की ओर से ऋतिक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिए. लक्ष्य का पीछा करते हुए एसएमडी ने 9.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 82 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. एसएमडी की ओर से प्रिंस ने 25 रन (8 गेंद) और प्रमोद ने 19 रन (17 गेंद) की तेजतर्रार पारी खेली.
महिला क्रिकेट टूर्नामेंट- सशक्तिकरण की प्रेरणादायक पहल
इसी क्रम में स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट एवं स्पोर्ट्स एडवाइजरी कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महिला क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26 के अंतर्गत चार लीग मुकाबले खेले गए. इस टूर्नामेंट के लिए टाटा स्टील के विभिन्न विभागों से 100 से अधिक नामांकन प्राप्त हुए, जिनमें से कुल 8 टीमों का गठन किया गया. महिला खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन कर यह सिद्ध किया कि कार्यस्थल के साथ-साथ खेल के मैदान में भी वे अग्रणी भूमिका निभा रही हैं. मौके पर चीफ स्पोर्ट्स, मुकुल विनायक चौधरी एवं चीफ वेलनेस ऑफिसर मुकेश अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे. सभी खिलाड़ियों एवं अतिथियों का स्वागत टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष संजय सिंह, स्पोर्ट्स मैनेजर अनन्या लिपि तथा जॉइंट कंसल्टेशन की सीनियर मैनेजर साक्षी चौधरी द्वारा किया गया.

