
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित पांचवीं चैम्बर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन मंगलवार सुबह 10 बजे हुआ. उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कुमार शिवाशीष, आईपीएस (सिटी एसपी, जमशेदपुर) एवं विशिष्ट अतिथि सौरव तिवारी, सचिव – झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) थे. अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया एवं ठंडे मौसम में भी खिलाड़ियों के उत्साह की सराहना की. मुख्य अतिथि कुमार शिवाशीष ने कहा कि किसी व्यावसायिक संस्था द्वारा खेलों को बढ़ावा देना अत्यंत सराहनीय है. इससे न केवल खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि आपसी भाईचारा और टीम भावना भी सुदृढ़ होती है. विशिष्ट अतिथि सौरव तिवारी ने भी चैम्बर की इस पहल की प्रशंसा करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. अतिथियों ने स्वयं भी क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया.
सामाजिक दायित्वों के प्रति चैंबर सजग-केडिया
सिंहभूम चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया ने अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि चैम्बर एक व्यावसायिक संगठन होने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति भी सदैव सजग रहा है. व्यापारिक गतिविधियों के अतिरिक्त खेल, संस्कृति एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन इसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है. उपाध्यक्ष (जनसंपर्क एवं कल्याण) अभिषेक अग्रवाल ने खिलाड़ियों का परिचय मुख्य अतिथियों से कराया.
पहले दिन 6 मैच खेले गए
चैम्बर के सचिव सुरेश शर्मा ने जानकारी दी कि आज कुल 6 मैच खेले गए. इनमें से शीर्ष चार टीमें बुधवार को सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी, जिसके बाद सेमीफाइनल विजेताओं के मध्य फाइनल मुकाबला होगा. उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि वे अपने परिवार सहित मैदान पर उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें. सिंहभूम चैम्बर ने सभी टीम प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनमें प्रमुख रूप से डीएस एसोसिएट्स, रेसिलिएंट टेक्निकल सॉल्यूशंस, रिवाह होटल, अकीनों होटल, मंगलम, फैशन वर्ल्ड, डगआउट, श्रेष्ठम एवं कमला लॉजिस्टिक्स शामिल हैं.
खेले गए मैचों के परिणाम
• प्रथम मैच: पीआरडब्ल्यू 11 बनाम पीएसटी 11 – पीआरडब्ल्यू 11 विजयी
• द्वितीय मैच: ट्रेड एंड कॉमर्स बनाम एग्जीक्यूटिव 11 – ट्रेड एंड कॉमर्स विजयी
• तृतीय मैच: पीआरडब्ल्यू 11 बनाम इंडस्ट्री 11 – पीआरडब्ल्यू 11 विजयी
• चतुर्थ मैच: ट्रेड एंड कॉमर्स बनाम टैक्स एंड फाइनेंस 11 – ट्रेड एंड कॉमर्स विजयी

