
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी के मुख्य कोच ओवेन कॉयल ने कहा है कि मादीह तालाल के प्रति उनकी प्रशंसा कई सीज़न से चली आ रही है. क्रिएटिव मिडफील्डर अब स्कॉटिश कोच के मार्गदर्शन में पूरी फिटनेस हासिल करने और अनुकूलन करने की प्रक्रिया में हैं, ताकि भारतीय सुपर लीग के नए अभियान के लिए तैयार हो सकें. तालाल लंबे समय तक चोटिल रहने के बाद अब फुल फिटनेस की ओर वापस लौट रहे हैं. कॉयल की नजर उन पर तब से थी, जब उन्होंने पंजाब एफसी के साथ शानदार सीज़न बिताया था. उस समय कॉयल चेन्नइयिन एफसी के मुख्य कोच थे और इस प्रतिभाशाली मिडफील्डर को अपनी टीम में लाने के लिए उत्सुक थे, लेकिन तालाल अंततः ईस्ट बंगाल एफसी में चले गए.
पंजाब एफसी में खेलने के दौरान पहली मुलाकात
तालाल ने कहा, “कोच के साथ मेरी पहली बातचीत तब हुई थी, जब मैं पंजाब एफसी के लिए खेल रहा था और वो चेन्नइयिन एफसी के साथ थे. उन्होंने मेरे खेलने के अंदाज़ की बहुत तारीफ की थी और मुझे अपनी टीम में चाहते थे. जब कोई कोच मेरे द्वारा टीम में लाई जाने वाली क्वालिटी को देखता है, तो ये हमेशा अच्छा लगता है. विभिन्न कारणों से उस समय मैं उनकी टीम में नहीं जा सका, लेकिन अब वो अतीत की बात है.” कॉयल ने बताया कि उन्होंने पंजाब एफसी में तालाल के शानदार प्रदर्शन के दौरान उन्हें करीब से फॉलो किया था. वो एक शानदार खिलाड़ी हैं – प्राकृतिक प्रतिभा, किसी को चकमा दे सकते हैं, गोल कर सकते हैं, गोल बना सकते हैं. मैंने उन्हें ईस्ट बंगाल जाने से पहले साइन करने की कोशिश की थी, लेकिन लीग में कई क्लबों की तरह सबकी नजर मैड्डी पर थी क्योंकि पंजाब में उनका प्रदर्शन कमाल का था.”
शुरूआती दिन चुनौतीपूर्ण
तालाल के लिए कॉयल के साथ शुरुआती दिन चुनौतीपूर्ण लेकिन प्रोत्साहन देने वाले रहे हैं. टीम के खेलने के तरीके को लेकर धीरे-धीरे स्पष्टता आ रही है. “ट्रेनिंग अब तक अच्छी रही है,” तालाल ने कहा. “उनके साथ ट्रेनिंग शुरू हुए अभी एक हफ्ते से ज्यादा हुआ है और हम उनके आइडियाज़ और टीम को जिस तरह खेलना चाहते हैं, उसे समझ रहे हैं. वो खिलाड़ियों से बहुत डिमांडिंग हैं और ये हमें ट्रेनिंग में और ज्यादा मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है.”
जेएफसी के अटैकिंग सेलअप में फिट
कॉयल का मानना है कि पूरी तरह फिट तालाल जमशेदपुर एफसी के अटैकिंग सेटअप में अहम भूमिका निभा सकते हैं, खासकर क्रिएटिव रोल में जो उनकी फिलॉसफी का केंद्र है. “अगर मैड्डी टॉप लेवल फिटनेस पर होंगे, तो हमारे पास लीग का एक आउटस्टैंडिंग खिलाड़ी होगा,” उन्होंने कहा. “वो हमारे खेलने के तरीके में बिल्कुल फिट बैठते हैं – उस क्रिएटिव रोल में. वो बॉल पर शानदार हैं, पास की नजर रखते हैं और फैंस उन्हें बहुत पसंद करेंगे.”
टैक्टिक्स और फिटनेस से परे, तालाल फर्नेस (जमशेदपुर के स्टेडियम) में सपोर्टर्स से फिर जुड़ने के लिए उत्सुक हैं, क्योंकि चोट की वजह से वो पिछली बार मिस कर गए थे.

