
उदित वाणी, जमशेदपुर : राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के अंतर्गत 18 दिसंबर को खेले गए पंचम दौर तथा 19 दिसंबर को छठे दौर के संपन्न हुए मुकाबलों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. देश के विभिन्न राज्यों से आए अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त खिलाड़ियों ने अपने कौशल, रणनीति और अनुभव का बेहतरीन प्रदर्शन किया. दोनों ही वर्गों, बालक एवं बालिका, में शीर्ष बोर्ड पर परिणामों ने तालिका को और भी रोमांचक बना दिया है.
18 दिसंबर : पंचम दौर के मुकाबले
बालक वर्ग
पंचम दौर में असम के इंटरनेशनल मास्टर मयंक चक्रवर्ती (रेटिंग 2465) ने गुजरात के जिहान तेजस शाह (रेटिंग 2135) को सधी हुई रणनीति के साथ पराजित करते हुए 4 अंक हासिल किए.
महाराष्ट्र के फिडे मास्टर जयवीर महेंदू (रेटिंग 2237) ने अपने ही राज्य के दिशांक सचिन बजाज (रेटिंग 2055) को हराकर पूरे अंक बटोरे.
वहीं, गोवा के इंटरनेशनल मास्टर एथन वाज़ (रेटिंग 2500) और आंध्र प्रदेश के द्रुवेश डोंडापाटी (रेटिंग 2110) के बीच खेला गया मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा और अंततः ड्रॉ पर समाप्त हुआ. दोनों खिलाड़ियों को 3½–3½ अंक मिले.
बालिका वर्ग
बालिका वर्ग में उत्तर प्रदेश की वूमन फिडे मास्टर शुभी गुप्ता (रेटिंग 2259) ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ज्योति बीर यश (रेटिंग 1966) को पराजित किया और 4 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बनी रहीं.
आंध्र प्रदेश की वूमन कैंडिडेट मास्टर श्रव्यश्री भीमरासेट्टी (रेटिंग 2005) ने महाराष्ट्र की अनुष्का बापू कुटवाल (रेटिंग 1952) को मात दी.
उत्तराखंड की फिडे मास्टर शेराली पटनायक (रेटिंग 2270) ने तमिलनाडु की WCM शनमती श्री एस (रेटिंग 1962) के खिलाफ निर्णायक जीत दर्ज की.
19 दिसंबर के मुकाबले के छठे दौरे का नतीजा
बालक वर्ग
चौथे दिन असम के IM मयंक चक्रवर्ती ने लगातार दूसरा प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र के FM जयवीर महेंदू को हराया और 5 अंकों के साथ अंकतालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली.
गोवा के IM एथन वाज़ (4½ अंक) ने तेलंगाना के मजबूत खिलाड़ी विग्नेश अद्वैत वेमुला (रेटिंग 2428) को पराजित कर शीर्ष समूह में अपनी जगह बनाए रखी.
एक अन्य महत्वपूर्ण मुकाबले में तमिलनाडु के FM अर्नव महेश्वरी और आंध्र प्रदेश के IM एम.डी. इमरान के बीच खेला गया मैच ड्रॉ रहा. दोनों खिलाड़ियों के 4½–4½ अंक हो गए.
बालिका वर्ग
बालिका वर्ग में उत्तर प्रदेश की WFM शुभी गुप्ता ने आंध्र प्रदेश की WCM श्रव्यश्री भीमरासेट्टी को हराकर 5 अंक पूरे किए और खिताबी दौड़ में बढ़त बना ली.
पश्चिम बंगाल की मृत्तिका मल्लिक (रेटिंग 2011) ने उच्च रेटिंग वाली उत्तराखंड की FM शेराली पटनायक को पराजित कर प्रतियोगिता का एक बड़ा उलटफेर दर्ज किया.
तेलंगाना की AIM शारण्य गाडे (रेटिंग 1950) ने त्रिपुरा की WFM अर्शिया दास (रेटिंग 2232) को हराकर महत्वपूर्ण जीत अपने नाम की.
प्रतियोगिता जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मुकाबले और भी कड़े होते जा रहे हैं. आने वाले दौरों में शीर्ष बोर्ड पर निर्णायक संघर्ष देखने की उम्मीद है, जिससे खिताब की दौड़ और रोमांचक होने की संभावना है.

