
उदित वाणी, जमशेदपुर : वेव इंटरनेशनल में आयोजित राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप 2025 का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 24 दिसंबर को गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि रहे, जबकि रक्षा मंत्री श्री संजय सेठ तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री सरयू राय की उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई. सभी अतिथियों का गुलदस्ता एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया गया.
श्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि शतरंज भारत की देन है, जो धैर्य, रणनीति, एकाग्रता एवं मानसिक संतुलन सिखाता है. श्री संजय सेठ ने भविष्य में बड़े आयोजनों के लिए केंद्र सरकार का समर्थन देने का आश्वासन दिया तथा आयोजन समिति को बधाई दी.
बालक एवं बालिका वर्ग के विजेता
बालक वर्ग में गोवा के आईएम इथन वाज़ (रेटिंग 2500, 10.5 अंक) राष्ट्रीय चैंपियन बने. प्रथम उपविजेता आईएम मयंक चक्रवर्ती (असम, रेटिंग 2465, 9 अंक) तथा द्वितीय उपविजेता विग्नेश अद्वैत वेमुला (तेलंगाना, रेटिंग 2428, 8.5 अंक) रहे.
बालिका वर्ग में यूपी की डब्ल्यूएफएम शुभी गुप्ता (रेटिंग 2259, 9.5 अंक) चैंपियन बनीं. प्रथम उपविजेता डब्ल्यूएफएम निवेदिता वी.सी. (तमिलनाडु, रेटिंग 2003, 9 अंक) तथा द्वितीय उपविजेता डब्ल्यूसीएम प्रतीती बोरदोलोई (कर्नाटक, रेटिंग 2043, 8.5 अंक) रहीं. विजेताओं को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए.
जिला शतरंज संघ की भूमिका उल्लेखनीय
सरायकेला-खरसावां जिला शतरंज संघ के पदाधिकारी शंभूनाथ सिंह (पेट्रॉन-इन-चीफ), एन.के. सिंह एवं राजीव कुमार वर्मा (पेट्रॉन), मनोज कुमार (अध्यक्ष) सहित सभी सदस्य उपस्थित रहे. अतिथियों ने संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए जिले को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करने का उल्लेख किया.

