
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी ने आरएफडीएल में शानदार फॉर्म को आगे बढ़ाते हुए एआईएफएफ एलीट लीग में भी अपनी जीत की रफ्तार कायम रखी. अंडर-18 एलीट लीग मुकाबले में जमशेदपुर ने 10 खिलाड़ियों तक सिमटी एफएओ अकादमी भुवनेश्वर को उसके घरेलू मैदान पर 2–0 से हराया. यंग मेन ऑफ स्टील की ओर से सत्यजीत दास और सौमिक दास ने गोल किए. मुकाबले की शुरुआत से ही जमशेदपुर ने दबदबा बनाए रखा और पूरे मैच में खेल की गति को नियंत्रित किया. टीम ने हाई प्रेसिंग की, शुरुआती मौके बनाए और लंबे समय तक एफएओ को अपने हाफ में सीमित रखा.
24 वें मिनट में मिली बढ़त
24वें मिनट में जमशेदपुर को बढ़त मिली, जब दाहिने फ्लैंक से सौमिक दास द्वारा डाली गई एक कर्लिंग क्रॉस सीधे गोल में चली गई। इसके बाद दबाव और बढ़ा, और छह मिनट बाद लॉमसांगजुआला (मामा) को बॉक्स के किनारे ड्रिब्लिंग करते समय खतरनाक तरीके से रोका गया. इस फाउल के लिए एफएओ के डिफेंडर मनीष भोई को सीधा रेड कार्ड दिखाया गया, जिससे मेजबान टीम 10 खिलाड़ियों पर सिमट गई.मिले फ्री-किक पर सत्यजीत दास ने शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए गेंद को टॉप कॉर्नर में घुमाकर डाल दिया और जमशेदपुर की बढ़त 2–0 कर दी.
दूसरे हाफ में भी दबदबा कायम
दूसरे हाफ में भी जमशेदपुर का दबदबा कायम रहा. मामा लगातार खतरा बने रहे. उनका एक शॉट पोस्ट से टकराया, जबकि एक अन्य वन-ऑन-वन मौके को एफएओ के गोलकीपर ने रोक लिया. दूसरी ओर एफएओ अकादमी को एक-दो मौके मिले, लेकिन वे उनका फायदा नहीं उठा सके.अंतिम चरण में जमशेदपुर ने मैच को अच्छे से संभाला और आराम से तीन अहम अंक हासिल किए. इस जीत के साथ जमशेदपुर एफसी 5 मैचों में 13 अंकों के साथ एआईएफएफ एलीट लीग तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है, जबकि इंटर काशी 6 मैचों में 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है. जमशेदपुर अब 17 जनवरी को फ्लैटलेट्स ग्राउंड में होने वाले घरेलू मुकाबले में रामकृष्ण मिशन फुटबॉल अकादमी, नारायणपुर का सामना करेगा.
