
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी के नए खिलाड़ी मदीह तलाल और विंगर मोहम्मद सानन स्टील सिटी पहुंच गए हैं. सानन राष्ट्रीय टीम में अपनी ज़िम्मेदारियाँ पूरी करने के बाद टीम में शामिल हुए हैं. दोनों खिलाड़ी अब आगामी अभियान से पहले फ्लैटलेट बेस पर अपने साथियों के साथ जुड़ गए हैं. पेरिस में जन्मे मिडफील्डर तलाल ने भारत आने से पहले फ्रांस, स्पेन और ग्रीस में खेला है. वह 2023-24 में पंजाब एफसी के साथ अपने पहले आईएसएल सीज़न में शानदार प्रदर्शन के साथ सुर्खियों में आए, जहां उन्होंने 22 लीग मैचों में छह गोल और 10 असिस्ट किए.
बेंगलुरू में प्रशिक्षण ले रहे थे सनन
मोहम्मद सनन पिछले एक महीने से बेंगलुरु में राष्ट्रीय टीम के साथ प्रशिक्षण ले रहे थे और उन्हें कैंप से छुट्टी दे दी गई है. सुपर कप के नज़दीक आने के साथ तलाल और सानन दोनों का आना मुख्य कोच स्टीवन डायस के लिए एक बेहतरीन समय पर प्रोत्साहन होगा. तलाल जमशेदपुर पहुंचने को लेकर उत्साहित थे. तलाल ने अपने आगमन पर कहा, “मैं यहां पहुंचकर बहुत खुश हूं और जल्द से जल्द प्रशिक्षण शुरू करना चाहता हूं. यह मेरे लिए एक नया क्लब है और मुझे उम्मीद है कि हम इस सीज़न में साथ मिलकर बहुत कुछ हासिल कर पाएंगे.”
पहला मैच एफसी गोवा के खिलाफ
जमशेदपुर एफसी वर्तमान में स्टीवन डायस के मार्गदर्शन में जमशेदपुर में प्रशिक्षण ले रही है और गोवा में अपने ग्रुप बी मुकाबलों की तैयारी कर रही है. मेन ऑफ स्टील अपने अभियान की शुरुआत 26 अक्टूबर को एफसी गोवा के खिलाफ करेगी, उसके बाद 29 अक्टूबर को नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी और 1 नवंबर को इंटर काशी के खिलाफ मैच खेलेगी.

