
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी ने मिडफील्डर जर्मनप्रीत सिंह का कॉन्ट्रेक्ट बढ़ा दिया है, जो 2025-26 सीजन के लिए मेन ऑफ स्टील के साथ अपना सफर जारी रखेंगे. आईएसएल में अच्छा खासा अनुभव रखने वाले सेंट्रल मिडफील्डर ने डूरंड कप से पहले जमशेदपुर में प्रवेश किया था और क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली टीम का हिस्सा थे. जर्मनप्रीत 2023-24 सीजन के दौरान भी टीम के साथ थे, लेकिन चोट के कारण बाहर हो गए थे.
अब अपना रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद वह पूरी तरह से फिट होकर प्रतिस्पर्धी मैचों के लिए तैयार हैं. अपने कॉन्ट्रेक्ट के नवीनीकरण के बारे में बात करते हुए जर्मनप्रीत ने कहा, “जमशेदपुर एफसी के साथ अपना सफ़र जारी रखना एक अविश्वसनीय एहसास है. नए कॉन्ट्रेक्ट पर हस्ताक्षर करने में मुझे बिल्कुल भी हिचकिचाहट नहीं हुई, क्योंकि मेरा मानना है कि यहां की विरासत और युवा विकास पर ज़ोर इसे एक खिलाड़ी के रूप में मेरे विकास के लिए एक आदर्श स्थान बनाता है.
इस सीज़न में मेरा लक्ष्य एक महत्वपूर्ण प्रभाव डालना और क्लब को ट्रॉफी जीतने में मदद करना है.” जर्मनप्रीत की मौजूदगी मिडफ़ील्ड में गहराई और स्थिरता लाएगी क्योंकि मेन ऑफ़ स्टील आगामी सुपर कप के लिए तैयार है. जमशेदपुर एफसी अपने ग्रुप बी के सभी मैच गोवा में खेलेगी, जिसकी शुरुआत 26 अक्टूबर को एफसी गोवा के खिलाफ होगी. उसके बाद 29 अक्टूबर को नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी और 1 नवंबर को इंटर काशी के खिलाफ मैच होंगे. मुख्य कोच स्टीवन डायस के मार्गदर्शन में जमशेदपुर में टूर्नामेंट की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, और टीम गोवा में एक मज़बूत अभियान के लिए प्रयासरत है.

