
उदित वाणी, जमशेदपुर : आर्मरी ग्राउंड में आयोजित ‘इंटर जेडीसी क्रिकेट टूर्नामेंट 2026’ में मंगलवार को कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहां पावर सिस्टम, एलडी थ्री और वन सप्लाई चेन की टीमों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात दी. पावर सिस्टम बनाम पेलेट प्लांट पहले मैच में पावर सिस्टम ने निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट पर 107 रनों का स्कोर खड़ा किया. सोनाराम (31 रन) और प्रवास (30 रन) ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेलेट प्लांट की ओर से अरूप पाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र 16 गेंदों में 39 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन दूसरी तरफ से सहयोग न मिलने के कारण टीम 83 रनों पर ही सिमट गई. पावर सिस्टम के रमो पुर्ती को उनके घातक स्पेल (4 विकेट, 11 रन) के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया. पावर सिस्टम ने यह मैच 24 रनों से जीता. अलडी थ्री बनाम कोक प्लांट के दूसरे मैच में एलडी थ्री ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 89 रन बनाए. चंदन ने विस्फोटक 22 रन (7 गेंद) और तपन ने 21 रन जोड़े.
कोक प्लांट की टीम 10 ओवर में 78 रनों पर ऑल-आउट हो गई. एलडी थ्री के चंदन कुमार ने गेंद से कमाल करते हुए 7 रन देकर 3 विकेट झटके और ‘मैन ऑफ द मैच’ बने. एलडी थ्री ने 11 रनों से जीत दर्ज की. वन सप्लाई चेन बनाम इंजीनियरिंग सर्विसेज के तीसरे मैच में वन सप्लाई चेन की ओर से राज जायसवाल ने 12 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए. जवाब में वन सप्लाई चेन ने अभिषेक तंतुबाई के 21 रनों की बदौलत 9.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 4 विकेट से जीत दर्ज की. शानदार गेंदबाजी के लिए राज जायसवाल को ‘मैन ऑफ द मैच’ दिया गया.

